रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र स्थित उछाल गांव में चोरों ने एक आवासीय घर से करीब 50 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। चोरी की इस बड़ी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बासोपट्टी थाना क्षेत्र के उछाल गांव के राहुल कुमार सिंह के घर को दिनदहाड़े चोरी ने निशाना बनाते हुए घटना को अंजाम दिया । राहुल कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि दोपहर करीब एक से तीन बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर के अंदर घुसकर गोदरेज को तोड़ दिया और उसमें रखे सभी कीमती जेवर चोरी कर लिया है।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरात में मंगलसूत्र, सोने की चूड़ी, झुमके, हनुमानी, पायल और सोने के कई अन्य सामान शामिल हैं। सभी जेवर उनकी मां और पत्नी के थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि चोरी गए जेवरात की कुल कीमत करीब पचास लाख रुपये है।
इस मामले को बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने गंभीरता से लिया है। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया। डॉग स्क्वॉयड ने घर और आसपास के इलाके में सूंघकर सुराग जुटाने का प्रयास किया। लेकिन इस प्रयास मे सफलता नही मिल पाई है।
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया है कि शिकायतकर्ता के आधार पर अभी जांच पड़ताल की जा रही है। वैज्ञानिक अनुसंधान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
पुलिस ने राहुल कुमार सिंह के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की इस घटना के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसका पता लगाया जा रहा है।




