लूटपाट की योजना बना रहे 3 बदमाशों को पुलिस ने हथियार समेत किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कट्टा और मोटरसाइकिल समेत तीन को दबोचा

राहगीरों से वसूली का आरोप साजिश हुई फेल, हथियार के बल पर करता था लूटपाट

मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर मोहल्ला मुरवला बगीचे के पास संध्या गश्ती के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों के पास से 01 देशी कट्टा, 03 मोबाइल और 01 मोटर साइकिल बरामद हुआ है। मामले को लेकर बासोपट्टी थाना कांड संख्या 201/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के अंतर्गत आवश्यक कार्वाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बासोपट्टी के थानाध्यक्ष कार्तिक भगत को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ग्राम वीरपुर स्थित मुरवला बगीचा के पास बैठे हुए हैं और नशे की अवस्था में प्रतीत होते हुए किसी बड़े अपराध की योजना बना सकते हैं। सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित कर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर जाकर उक्त स्थान की जांच की गई। मौके पर देखा गया कि तीनों व्यक्ति एक मोटरसाइकिल खड़ी करके आपस में बातचीत कर रहे थे तथा एक व्यक्ति के हाथ में कट्टे जैसा हथियार दिखाई दिया, तभी पुलिस को देखकर तीनों अभियुक्त भागने लगे, परन्तु तत्परता से पुलिस बल ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपनी पहचान मोहम्मद अताबुल, मोहम्मद नसीम और मोहम्मद फेकल (सभी जिला-मधुबनी) बताया। पुलिस द्वारा तीनो का विधिवत तलाशी लेने पर मोहम्मद अताबुल के दाहिने हाथ में रखा हुआ 01 देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि यह कट्टा नेपाल से लाया गया था और इसे दिखाकर राहगीरों में दहशत फैला कर आपसी संपर्क व राहगीरों से वसूली करते थे। बरामद हथियार को सबूत के रूप में जब्त कर आरोपियों को थाना लाया गया। तीनो की गतिविधियों का विस्तृत जांच प्रारम्भ कर दी गई है और आगे बासोपट्टी थाना मे प्राथमिकी धारा 25 (1-बी) ए/35 आर्म्स एक्ट के तहत् मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को ऐसे संदिग्ध लोगों या हथियारों की जानकारी हो तो तुरन्त नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

Join us on: