सहयोग शिविरः आवेदनों के निस्तारण में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण और ग्रामीण विकास विभाग ने रचा इतिहास!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

-16 जून तक निष्पादन रेशियो पहुंचा 95 फीसदी के पार, कृषि, समाज कल्याण, शिक्षा और पंचायती राज विभाग ने भी किए सराहनीय कार्य
पटना, 19 जून।
ग्राम पंचायत और शहरी निकायों के सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण के मामले में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इन दोनों विभागों ने प्राप्त कुल आवेदनों में सर्वाधिक 95.5 फीसदी आवेदनों का त्वरित निस्तारण का लक्ष्य हासिल किया है। आवेदनों के त्वरित निस्तारण के मामले में कृषि, समाज कल्याण, शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग ने भी अपना काफी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इन विभागों ने भी 16 जून तक क्रमशः 94.4, 94.2, 92.0 और 90.2 फीसदी के लक्ष्य को पूरा कर लिया है।
राज्य भर में लगाए जा रहे सहयोग शिविर के माध्यम से इन प्रमुख विभागों में प्राप्त आवेदनों की संख्या पर गौर करें तो खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में 25,133, ग्रामीण विकास विभाग में सर्वाधिक 63,918, कृषि विभाग में 5200, समाज कल्याण विभाग में 24,752, शिक्षा विभाग में 9,729 और पंचायती राज विभाग में 10329 आवेदन-शिकायत प्राप्त हुए। उपरोक्त विभागों के साथ-साथ कुछ अन्य प्रमुख विभाग भी हैं जिन्होंने लोगों से आवेदन प्राप्त करने और उसके निस्तारण की दिशा में काफी तत्परता दिखाई है।
इन विभागों में स्वास्थ्य विभाग ने 4,448 आवेदनों के सापेक्ष 87.7, सामान्य प्रशासन विभाग ने 5,623 के सापेक्ष 89.0, ऊर्जा विभाग ने 14, 378 के सापेक्ष 89.9, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण ने 7,870 के सापेक्ष 89.2, नियोजन एवं विकास विभाग ने 21,364 के सापेक्ष 91.7 एवं भवन निर्माण विभाग ने 318 आवेदनों के सापेक्ष 82.4 फीसदी मामलों का निस्तारण कर लिया है।
आवेदनों के निस्तारण के मामले में अव्वल पांच जिलों की बात करें तो इसमें 96.7 फीसदी लक्ष्य के साथ गोपालगंज, 95.8 फीसदी के साथ सारण, 95.5 फीसदी के साथ शेखपुरा, 95.2 फीसदी के साथ शिवहर और 95.1 फीसदी के साथ कटिहार का क्रमशः पहला, दूसरा, तीसरा, चौथा और पांचवा स्थान है।

Join us on: