रिपोर्ट – सोनू सिंह!
बिहार के नवादा जिले के कोहिला गांव में रात के अंधेरे में स्कूल बस में जानबूझकर आग लगा दी गई। बदमाशों ने अंधेरा का फायदा उठाते हुए स्कूल गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आग की चिंगारियां देखकर स्थानीय लोग घबरा गए।
स्कूल संचालक प्रिया रंजन कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि स्कूल निर्माण शुरू होने के बाद गांव में जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसी विवाद के चलते गांव के ही चार लोगों ने रात के अंधेरे में बदले की भावना से यह घटना को अंजाम दिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक काबू पाया जा सका, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूरे मामले को शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ हमला मानते हुए तेजी से छानबीन शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना की निंदा की है और मांग की है कि दोषियों पर तुरंत कार्रवाई हो ताकि भविष्य में बच्चों की शिक्षा से जुड़ी किसी भी संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।



