सड़क पर सफर करती बदहाली: योजनाओं के बावजूद मुसहर समाज आज भी मुख्यधारा से दूर!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा। सरकार द्वारा महादलित और अत्यंत पिछड़े समुदायों के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। शिक्षा, आवास, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद मुसहर समुदाय की जमीनी हकीकत आज भी चिंता का विषय बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर ने एक बार फिर इस सवाल को खड़ा कर दिया है कि आखिर योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक क्यों नहीं पहुंच पा रहा है। तस्वीर में दर्जनों बच्चे और महिलाएं एक छोटे से ठेलेनुमा वाहन पर असुरक्षित तरीके से सफर करते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को दर्शाता है, बल्कि सामाजिक और विकासात्मक पिछड़ेपन की भी कहानी बयां करता है।
भोजपुर जिले में मुसहर समुदाय के विकास के लिए कई गैर-सरकारी संगठन (NGO) कार्यरत होने का दावा करते हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ संस्थाओं को छोड़ अधिकांश एनजीओ का काम केवल कागजों तक ही सीमित है। जमीनी स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
समाजसेवियों का कहना है कि मुसहर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी प्रभावी निगरानी और क्रियान्वयन भी जरूरी है। यदि वर्षों से चल रही योजनाओं के बावजूद समुदाय की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है, तो यह संबंधित विभागों और व्यवस्था की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
स्थानीय बुद्धिजीवियों ने सरकार से मांग की है कि मुसहर बस्तियों में चल रही योजनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि विकास का लाभ वास्तव में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, ताकि समाज के सबसे वंचित वर्ग को भी सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।

Join us on: