:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार
बिहार के बेगूसराय में एनएच 31 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें तीन थाना प्रभारी और एक निजी कार चालक समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
मृतकों की पहचान मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों में तैनात पुलिस अधिकारियों के रूप में हुई है, जिनमें रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र शामिल हैं। इसके साथ ही निजी कार चालक ज्योतिष कुमार की भी इस हादसे में जान चली गई। बताया जा रहा है कि ये सभी अधिकारी पटना से एकदिवसीय प्रशिक्षण पूरा करने के बाद एक ही कार में सवार होकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे।
हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बेहद गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक साथ तीन पुलिस अधिकारियों समेत चार लोगों की मौत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
इस दुखद घटना के संबंध में बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि देर रात साहेबपुर कमाल के हाईवे पर यह हादसा हुआ, जिसमें मधेपुरा पुलिस में कार्यरत तीन सर्विंग एसएचओ और उनके ड्राइवर की मौत हो गई है। कार पटना से मधेपुरा की तरफ जा रही थी, तभी वह ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर सभी जरूरी वैधानिक प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल का पालन किया है। एसपी ने कहा कि दुर्घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहन जांच की जा रही है।



