शादी के छह माह के अंदर ही विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

आरा – मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुंधुआ गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान धुंधुआ गांव निवासी मंतोष राय की पत्नी नीतू कुमारी (20 वर्ष) के रूप में की गई है। नीतू कुमारी मूल रूप से पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोली नगर की रहने वाली थीं। उनके पिता का नाम धर्मेंद्र कुमार बताया गया है।
परिजनों के अनुसार, नीतू कुमारी की शादी गत 4 दिसंबर 2025 को पटना जिले के मनेर स्थित महादेव स्थान मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ मंतोष राय के साथ संपन्न हुई थी। शादी के लगभग छह माह बाद ही विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Join us on: