:- रवि शंकर अमित!
बेगूसराय के सदर अस्पताल में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब चिल्ड्रेन वार्ड में अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और परिजन अपने बच्चों को लेकर वार्ड से बाहर निकलने लगे। राहत की बात यह रही कि सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल कर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना बेगूसराय सदर अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड की है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम अस्पताल में सब कुछ सामान्य था। इसी दौरान चिल्ड्रेन वार्ड के मीटिंग हॉल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कमरे में धुआं भर गया और आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजन उन्हें गोद में उठाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।मौके पर मौजूद महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और फायर सेफ्टी उपकरणों की सहायता से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में दो कुर्सियां, एक पंखा और एक पर्दा जलकर राख हो गया, लेकिन किसी मरीज या अस्पताल कर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। आग बुझने के बाद अस्पताल का माहौल सामान्य हो गया और सभी मरीजों को दोबारा उनके बेड पर शिफ्ट कर दिया गया।गौरतलब है कि हाल के वर्षों में अस्पतालों और होटलों में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में जिला प्रशासन लगातार अग्नि सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर रहा है। लेकिन सदर अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में आग से निपटने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। अगर आग समय रहते नहीं बुझाई जाती, तो यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी।फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अस्पताल की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। वहीं, शॉर्ट सर्किट की आशंका को लेकर जांच जारी है।
बाइट-कन्हैया कुमार सुरक्षाकर्मी सदर अस्पताल



