गंगोत्री धाम से जल लेकर 46 दिन की पदयात्रा के बाद आरा पहुंचे सुरेश, 10 दिन में पहुंचेंगे बाबा बैद्यनाथ धाम!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा, 7 जून। उत्तराखंड के पवित्र गंगोत्री धाम से जल लेकर पैदल यात्रा पर निकले बिहार के लखीसराय जिले के हलसी गांव निवासी सुरेश जी 46 दिनों की कठिन पदयात्रा पूरी कर रविवार को आरा पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब आरा से आगे की यात्रा जारी रखते हुए लगभग 10 दिनों में झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे, जहां गंगोत्री धाम का पवित्र जल भगवान भोलेनाथ को अर्पित कर जलाभिषेक करेंगे।
सुरेश जी ने बताया कि गत माह वे ट्रेन से उत्तराखंड पहुंचे थे। वहां गंगोत्री धाम से पवित्र गंगाजल लेकर बोलबम के वेश में पैदल यात्रा प्रारंभ की। उनका संकल्प है कि गंगोत्री से लाए गए जल से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करें।
उन्होंने बताया कि लंबी यात्रा के दौरान रास्ते में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला। कई स्थानों पर लोगों ने चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं रात में विश्राम के लिए रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों और धर्मस्थलों में ठहरने का अवसर मिलता रहा।
सुरेश जी ने कहा कि भगवान शिव की कृपा और लोगों के सहयोग से अब तक की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हुई है। 46 दिनों की पदयात्रा के बाद वे आरा पहुंचे हैं और यहां से आगे बढ़ते हुए अगले 10 दिनों में देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
यह कठिन धार्मिक यात्रा श्रद्धा, संकल्प और आस्था का अद्भुत उदाहरण बन रही है, जिसकी चर्चा रास्ते भर लोगों के बीच हो रही है।

Join us on: