:- रवि शंकर अमित!
बिहार के पटना जिले के पंडारक निवासी कुख्यात अपराधी और तीन लाख का इनामी भोला सिंह को बंगाल से बाढ़ लाया गया है। 16 मई को सीबीआई ने उसे गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया था। बंगाल से हाथीदह स्टेशन तक वो ट्रेन से लाया गया है जिसके बाद हाथीदह स्टेशन से बाढ़ थाना सड़क मार्ग से लाया गया। बाढ़ थाना में उसे रखा गया है जहां बाढ़ कोर्ट खुलने के बाद आज पेश किया जाएगा।
सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल के दो व्यक्तियों के अपहरण से जुड़े एक पुराने मामले में की थी। पिछले 12 साल से फरार चल रहा भोला सिंह सूरत में अपनी पहचान बदलकर ‘गौतम’ और ‘अमित शर्मा’ के नाम से रह रहा था। बिहार के विभिन्न थानों में उस पर हत्या और रंगदारी समेत 11 गंभीर मामले दर्ज हैं।
अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले भोला सिंह CRPF का जवान था, जहां उसने कमांडो की ट्रेनिंग भी ली थी। करीब दो दशक से अधिक समय तक अपराध जगत में सक्रिय रहे भोला सिंह का नाम बिहार के बाहुबली और पूर्व जदयू विधायक अनंत सिंह के साथ दोस्ती और अदावत से जुड़ा रहा है,
पुलिस और अपने दुश्मनों से बचने के लिए भोला सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते सरकार ने उस पर और उसके भाई मुकेश सिंह पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। हालांकि, उसके भाई मुकेश ने पहले ही आत्मसमर्पण कर जमानत ले ली है, लेकिन भोला लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। भोला सिंह का नाम साल 2021 में पंडारक पूर्वी के मुखिया प्रियरंजन कुमार उर्फ गोरेलाल, पंडारक थाने के एएसआई राजेश कुमार और लाल बहादुर की हत्या के मामलों में भी सामने आया था।



