बंगला खाली नहीं करने पर अड़ी राबड़ी देवी, सरकार और विपक्ष में भारी तनाव!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पटना में 10 सर्कुलर रोड वाले बंगले को लेकर सियासी माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है। भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नोटिस भेजकर कहा है कि उन्हें अब नेता प्रतिपक्ष के कोटे वाला 39 हार्डिंग रोड बंगला शिफ्ट होना पड़ेगा, क्योंकि 10 सर्कुलर रोड अब मंत्री नंदकिशोर राम को अलॉट कर दिया गया है। सरकार का तर्क है कि 2019 में पटना हाईकोर्ट के फैसले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री को आजीवन सरकारी बंगले की सुविधा खत्म हो गई थी, इसलिए नियम के हिसाब से ये बदलाव जरूरी है।

लेकिन राबड़ी देवी इस पर बिल्कुल नहीं मान रही हैं। दिल्ली से लौटते ही उन्होंने साफ कह दिया कि चाहे जितनी फोर्स बुला लो, वो खुद से ये बंगला खाली नहीं करेंगी। उनका कहना है कि इस बंगले से उनका पुराना नाता है और वो इसे किसी कीमत पर नहीं छोड़ेंगी। इसके बाद एसडीपीओ अनु कुमारी पुलिस बल के साथ बंगले के अंदर जाकर उनसे बातचीत भी कर चुकी हैं।

राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने भी मोर्चा संभाल लिया है। वो इसे नियमानुकूल नहीं मानते और इसे लालू परिवार को निशाना बनाने वाली राजनीति कह रहे हैं। उनका सवाल है कि 20 साल में कई बार सरकारें बदलीं, पर बंगले का मुद्दा अब क्यों उठा। मंडल ने चेतावनी दी है कि जो भी करना पड़े करेंगे, जरूरत पड़ी तो कोर्ट भी जाएंगे, लेकिन राबड़ी देवी डेरा खाली नहीं करेंगी।

अभी 10 सर्कुलर रोड के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और राजद इसे सत्ता के खिलाफ संघर्ष बता रहा है जबकि बीजेपी कह रही है कि सरकारी संपत्ति है तो नियम सबके लिए बराबर होना चाहिए।

Join us on: