रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने बाली भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी निरोधक अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के जवानों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 906.325 लीटर नेपाल निर्मित शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पहली कार्रवाई समवाय जानकीनगर क्षेत्र में की गई। प्राप्त आसूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 277(46) के निकट ग्राम दुहबी में कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों पर नेपाल से भारत की ओर लाई जा रही नेपाल निर्मित शराब बरामद की गई। गश्ती दल को देखकर तीन तस्करों ने भागने का प्रयास किया, जिनमें से एक को पकड़ लिया गया जबकि दो अन्य नेपाल की ओर भागने में सफल रहा। इस कार्रवाई में कुल 43.325 लीटर नेपाल निर्मित शराब, दो मोटरसाइकिल तथा एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामग्री एवं गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु बासोपट्टी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
दूसरी कार्रवाई सीमा चौकी कमला क्षेत्र में की गई। आसूचना के आधार पर नाका ड्यूटी के दौरान जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 270/6 के निकट कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को कमला नदी के रास्ते नेपाल से भारत की ओर बोरी खींचकर लाते हुए देखा। जवानों द्वारा घेराबंदी किए जाने पर तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। मौके से कुल 16 बोरियों में भरी 2880 बोतल नेपाल निर्मित सोफी शराब (864 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु जयनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस बाबत कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने बताया है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, अवैध व्यापार एवं अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पूर्ण सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारे जवान दिन-रात सीमा क्षेत्र में निगरानी एवं गश्त कर तस्करी के प्रयासों को विफल कर रहे हैं। सीमा क्षेत्र को सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं तस्करी मुक्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




