रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
खगड़िया के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सांसद राजेश वर्मा ने पथ निर्माण मंत्री और प्रधान सचिव से मुलाकात कर सौंपा मांग पत्र
नवादा घाट और आगर घाट पुल सहित क्षेत्र की 6 बड़ी सड़क और पुल परियोजनाओं को जल्द मिलेगी मंजूरी।
पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र और प्रधान सचिव पंकज पाल ने दिया त्वरित सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा।
पटना/खगड़िया।
खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, सुदृढ़ कनेक्टिविटी और वर्षों से लंबित जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सांसद राजेश वर्मा ने प्रयास तेज कर दिए हैं। सोमवार को पटना में सांसद राजेश वर्मा ने बिहार सरकार के माननीय पथ निर्माण मंत्री शकुमार शैलेन्द्र एवं विभाग के सचिव पंकज पाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान सांसद ने खगड़िया के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में लंबित एवं अत्यंत महत्वपूर्ण पुल व सड़क निर्माण परियोजनाओं की स्वीकृति हेतु एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।
मुलाकात के बाद जानकारी देते हुए सांसद राजेश वर्मा ने बताया कि माननीय मंत्री जी ने खगड़िया की जनता से जुड़ी सभी मांगों को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना है। उन्होंने विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग तथा इन परियोजनाओं पर त्वरित सकारात्मक कार्रवाई करने का पूर्ण भरोसा दिया है।
सांसद द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में शामिल प्रमुख परियोजनाएं:
बागमती नदी पर पुल (चौथम प्रखंड): नवादा घाट पर प्रस्तावित आरसीसी (RCC) पुल निर्माण के संशोधित डीपीआर (DPR) को अविलंब प्रशासनिक स्वीकृति देने की मांग।
कोशी नदी पर पुल (अलौली प्रखंड): चेराखेरा पंचायत के आगर घाट पर पुल निर्माण को मंजूरी, जिससे अलौली और सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के विकास और आपसी कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
सड़क निर्माण (RCD): खगड़िया जिला मुख्यालय के गौशाला रोड से सोनमनकी घाट, झीमा, सर्वजीता होते हुए डेंगराही पुल तक सड़क निर्माण की स्वीकृति तथा सोनमनकी से सुगरकोल पुल तक सड़क निर्माण हेतु फिजिबिलिटी क्लीयरेंस।
महेशखूंट NH-31 से अगुआनी घाट मार्ग: लगभग 29 किलोमीटर लंबी इस मुख्य सड़क के चौड़ीकरण कार्य की स्वीकृति। इसके तहत महेशखूंट से रजिस्ट्री मोड़ तक का डीपीआर विभाग को पहले ही सौंपा जा चुका है।
खगड़िया-समस्तीपुर पथ का चौड़ीकरण: अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए खगड़िया से परिहारा तक (लगभग 19 किमी) वर्तमान 5.5 मीटर चौड़ी सड़क को 7.5 मीटर तक चौड़ा करने का अनुरोध। इस कार्य के लिए विभाग के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।
खगड़िया-दरभंगा संपर्क मार्ग: खगड़िया से अलौली होते हुए दरभंगा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के खगड़िया से अलौली वाले हिस्से (19 किमी) को जनहित में 5.5 मीटर से बढ़ाकर 7.5 मीटर चौड़ा करने की मांग।
सांसद राजेश वर्मा ने कहा, “ये सभी परियोजनाएं खगड़िया की लाइफलाइन हैं। इनके पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक आमजन की पहुँच और बेहतर होगी। खगड़िया को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने त्वरित पहल और सकारात्मक आश्वासन के लिए माननीय मंत्री कुमार शैलेन्द्र एवं सचिव पंकज पाल का सहृदय आभार व्यक्त किया है।



