मामूली विवाद में किशोर की हत्या, तीन दोस्तों ने मिलकर शराब पिलाया फिर हत्या कर शव नदी में गाड़ दिया!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

नवादा: बिहार के नवादा जिले में टोटो विवाद ने एक किशोर की जान ले ली। नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले के 16 वर्षीय प्रिंस कुमार की उसके ही तीन दोस्तों ने हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कादिरगंज के पास सकरी नदी में गाड़ दिया। पुलिस ने शुक्रवार को कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद कर लिया।

मृतक प्रिंस कुमार, संजीत यादव का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, 13 मई की शाम को प्रिंस को उसके तीन दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो 14 मई को नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया। परिजनों ने कुछ युवकों पर संदेह जताया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि टोटो चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में तीनों ने मिलकर प्रिंस को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कादिरगंज के घोस्तावां गांव के पास सकरी नदी में गाड़ दिया।

नवादा सदर एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर नदी से शव बरामद कर लिया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों ने नवादा सदर अस्पताल के सामने घंटों सड़क जाम कर दिया। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की मांग कर रहे थे। साथ ही पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Join us on: