:- रवि शंकर अमित!
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग अंतर्गत जिला नियोजनालय, बेगूसराय में दिनांक 21 मई 2026 को एक दिवसीय नियोजन कैंप का आयोजन किया गया। इस नियोजन कैंप का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
कैंप में निजी कंपनी ZEPTO Pvt. Ltd. के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कंपनी के प्रतिनिधि श्री अविनाश द्वारा उपस्थित अभ्यर्थियों को कंपनी में उपलब्ध रोजगार अवसरों, कार्यस्थल, वेतन एवं भत्तों सहित अन्य सेवा शर्तों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अभ्यर्थियों को कार्य की प्रकृति तथा नियुक्ति से संबंधित विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए 200 रिक्त पदों के विरुद्ध कुल 58 अभ्यर्थियों ने नियोजन कैंप में भाग लिया। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 32 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी ने उपस्थित बेरोजगार युवाओं को कैरियर एवं रोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि जिला नियोजनालय द्वारा रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह जॉब कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बिहार सहित अन्य राज्यों के निजी क्षेत्र के नियोजकों को आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन जॉब कैंपों की सूचना समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित की जाती है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित नियोजन कैंपों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।



