रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
भोजपुर जिला प्रशासन द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देश पर आरा सदर अंचल क्षेत्र के चंदवा से गिरिजा मोड़ तक व्यापक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी, आरा सदर ने किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान सरकारी भूमि, सड़क किनारे एवं सार्वजनिक मार्गों पर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की सहायता से कई अवैध पक्के निर्माणों को ध्वस्त करते हुए अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया। सड़क किनारे बने अस्थायी दुकानों, शेड, चबूतरे एवं अन्य अवैध संरचनाओं को भी हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। किसी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
अंचलाधिकारी ने बताया कि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चेतावनी के बावजूद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी होती थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में आमजन की सुविधा, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सरकारी भूमि की सुरक्षा के उद्देश्य से आगे भी अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि शहर के अन्य चिन्हित इलाकों में भी शीघ्र इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।




