आरा -धरहरा से पासवान चौक तक चला अतिक्रमण उन्मूलन अभियान, कई अवैध निर्माण ढहाए गए!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को आरा सदर अंचल क्षेत्र में धरहरा से पासवान चौक तक व्यापक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाते हुए कई अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी, आरा सदर ने किया। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क किनारे बने टीन-शेड, अस्थायी दुकानें, चबूतरे और अन्य अवैध ढांचे हटाकर अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया।
अभियान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अंचलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेताया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी कारण सड़क मार्गों और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Join us on: