रिपोर्टर राजीव रंजन।
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि शिक्षक अभ्यर्थियों को आंदोलन या प्रदर्शन की बजाय अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि सरकार जल्द ही नई बहाली लाने जा रही है। दरअसल, शिक्षा मंत्री सहयोग शिविर में शामिल होने सहरसा पहुंचे थे। इसी दौरान वे बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने मधेपुरा के सिंहेश्वर भी पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देने वाला बयान दिया। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से देख रही है और “अतिशीघ्र” नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी धैर्य रखें और अपनी पढ़ाई जारी रखें। उन्होंने कहा,“प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं है। शिक्षक अभ्यर्थी तैयारी करें, बहुत जल्द बहाली आने वाली है। भर्ती आएगी तो परीक्षा दें और सफल होकर शिक्षक बनें।” बीपीएससी द्वारा दो परीक्षाएं आयोजित किए जाने के सवाल पर भी शिक्षा मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद राज्यभर के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है। लंबे समय से TRE-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थी सरकार की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। अब मंत्री के बयान को भर्ती प्रक्रिया की जल्द शुरुआत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। बाइट : मिथलेश तिवारी,शिक्षा मंत्री ,बिहार सरकार



