दरभंगा में सनकी पति का तांडव,पत्नी व 3 बच्चे समेत 4 की पीटकर की हत्या!

SHARE:

दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार

दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव स्थित एक अंडा फार्म में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सनकी पति ने पारिवारिक विवाद में अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों पर लोहे की रॉड व डंडे से हमला कर दिया। इस दर्दनाक वारदात में पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप दास, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर का निवासी है, चंदनपट्टी स्थित अंडा फार्म में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मजदूरी का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी संदीप दास ने अपना आपा खो दिया और पत्नी फूल कुमारी (25 वर्ष) तथा तीनों बच्चों पर डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया।
घटना में पत्नी फूल कुमारी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे बच्चे को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर डीएसपी राजीव कुमार भारी पुलिस बल एवं एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी संदीप दास को हिरासत में लेकर हॉस्पिटल में पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं, घटना स्थल पर एसएसपी और डीआईजी ने भी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण ही घटना को अंजाम दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग स्तब्ध हैं, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

बाइट:- 1. एसएसपी , जगुनाथ रेड्डी

Join us on: