नवादा / सोनू सिंह ।
बिहार के नवादा जिले में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में 15 मई 2026 की रात करीब 10 बजे एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। अज्ञात अपराधियों ने युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान 18 मई 2026 को उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई के लिखित आवेदन के आधार पर अकबरपुर थाना में कांड संख्या 204/26, दिनांक 18 मई 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर अकबरपुर थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानव खुफिया सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए ग्राम जरहैया (थाना सीतामढ़ी) से आरोपी सुबोध कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद थाना लाकर की गई सघन पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि आपसी विवाद के चलते उसने घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुबोध कुमार, पिता सरजू महतो, ग्राम पैजुना, थाना अकबरपुर, जिला नवादा का निवासी है। उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें अकबरपुर थाना कांड संख्या 109/23 (बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम) और कांड संख्या 430/23 (आर्म्स एक्ट) शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




