रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले से लगने बाली भारत नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के विरुद्ध 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की सीमा चौकी मधवापुर ने एक सफलता हासिल की है। गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 296/1 के निकट लगभग 150 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान नेपाल की ओर से भारत की ओर आ रही एक बाइक को रोककर जांच की, तत्पश्चात वाहन की तलाशी लेने पर उसके ऊपर रखे बोर में नेपाल निर्मित अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। जांच में बरामद सामग्री में बैरोन ब्रांड की शराब की कई बोतल तथा टबोर्ग ब्रांड की बीयर के कैन शामिल थे। साथ में एक हीरो होंडा बाइक को भी जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने शराब नेपाल से खरीदकर व्यक्तिगत उपयोग के लिए भारत ला रहे थे। शराब एवं बाइक एवं आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु स्थानीय थाना मधवापुर को सुपुर्द कर दिया है। एसएसबी की ओर से कहा गया है कि आरोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कराया जा रहा है। पकड़ी गई तस्करी की सामग्रियों की संख्या और मूल्यांकन थाने द्वारा आगे की जाँच में स्पष्ट किया जायेगा। वहीं, 48 वीं वाहिनी जयनगर के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा है की 48 वीं वाहिनी सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर सतर्क एवं सक्रिय है। सीमाई क्षेत्रों में गश्त, नाका एवं सूचना‑ आधारित कार्रवाई को और सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि हमारी सीमा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।
यह कार्रवाई उस व्यापक और निरन्तर प्रयास का हिस्सा है जिसमें सीमा पार से आने वाली अवैध वस्तुओं के प्रवाह को रोकने, स्थानीय आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सीमांत कानून- व्यवस्था को बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। एसएसबी ने लोगों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी नजदीकी चौकी या हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




