मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश , गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- सुपौल नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ती मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए संगठित चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। सदर थाना पुलिस की कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है। पिछले कुछ समय से नगर परिषद क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से लगातार मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतें सामने आ रही थी। खासकर कोर्ट परिसर, सिटी कार्ट और एक चिकित्सक के आवास के पास हुई घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और निगरानी अभियान तेज किया।
जांच के दौरान सुपौल शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस भेलाही वार्ड नंबर-21 निवासी संजीत कुमार तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का नेटवर्क सामने आने लगा।इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक कबाड़ी दुकान से चोरी की बाइक का इंजन और साइलेंसर बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि चोरी के बाद मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे बेचे जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में मो० जसिम, सौरव कुमार उर्फ झूला एवं संदीप कुमार समेत कुल पांच लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सौरव उर्फ झूला पहले भी बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका हैं और रिहा होने के बाद फिर से अपराध में सक्रिय हो गया था।
फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह जिले में और किन-किन वारदातों में शामिल है।

Join us on: