रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
कई को अपर थानाध्यक्ष बनाया, कई थानों में बदले गए अधिकारी
मधुबनी जिले में पुलिस फोर्स के ढांचे में बड़े पैमाने पर बदलाव करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेन्द्र कुमार ने एक साथ 139 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है। जिलादेश संख्या 797/2026 के तहत् जारी इस आदेश में अधिकांश अधिकारियों का संबंध अनुसंधान इकाई से रहा है और कई को अब विभिन्न थानों व पुलिस केन्द्रों में तैनात किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी अधिकारियों को तीन दिनों के अंदर नई पदस्थापना पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। समय पर न पहुंचने या योगदान न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है। एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक जिन अधिकारियों का एक ही थाने में कार्यकाल दो वर्ष से अधिक हो चुका था, उन्हें जनहित व कार्यकुशलता के मद्देनजर अन्य थानों में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, नगर थाना से सबसे अधिक अधिकारियों को हटाया गया है और महिला थाना, यातायात थाना और एससी/एसटी थाना समेत जिले के सभी थानों में भी फेरबदल किया गया है। आदेश में कई अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए अपर थानाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, ताकि थानों की कार्यप्रणाली और अधीनस्थ जनसेवा में सुधार हो सके। तबादला सूची में अनुसंधान इकाई के अनेक नाम शामिल हैं। बेनीपट्टी, खिरहर, लौकहा, पंडौल, राजनगर, जयनगर, भैरवस्थान, झंझारपुर, बेनीपट्टी, फुलपरास और अन्य थानों में अधिकारियों की तैनाती की गई है। कुछ अधिकारी पुलिस केन्द्र मधुबनी में से भी अनुसंधान इकाई या विभिन्न थानों में भेजे गए हैं। सूची में 99 से 139 नंबर तक कई अधिकारियों को सीधे अपर थानाध्यक्ष के रूप में तैनात किया गया है, ताकि थाने स्तर पर नेतृत्व मजबूत हो। एसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि यह कार्रवाई जिले में पुलिसिंग की गुणवत्ता, मामलों की त्वरित निस्तारण और जनता की शिकायतों के निपटान को ध्यान में रखते हुए की गई है। स्थानीय पुलिस कप्तान ने जनता से सहयोग की अपील की है और आश्वासन दिया है कि तैनाती के इस दौर से जिले में शांति-व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ेगा। अतिरिक्त जानकारी और पूरी तबादला सूची के लिए एसपी कार्यालय में उपलब्ध प्रकाशित आदेश को देखा जा सकता है।




