रिपोर्ट- अमित कुमार!
राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में वैश्विक स्तर पर मजबूत संबंध बनाना बेहद जरूरी है और ऐसे समय में प्रधानमंत्री की विदेश यात्राएं देश के लिए काफी मायने रखती हैं।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर प्रतिक्रिया देते हुए सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि भारत में पेट्रोल-डीजल का उत्पादन नहीं होता, इसे दूसरे देशों से आयात करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व ईंधन संकट से जूझ रहा है, ऐसे में महंगाई बढ़ना स्वाभाविक है।
लॉकडाउन जैसी स्थिति बनने की आशंका पर उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोका गया था, लेकिन अभी वैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से सहयोग की अपील की है और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता बनी रहेगी।
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए दुबे ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हमेशा महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जिन वस्तुओं का उत्पादन देश में नहीं होता, उन्हें विदेशों से खरीदना पड़ता है, इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी होना तय है।
साथ ही उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर सप्ताह में एक-दो दिन निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें ताकि ईंधन की बचत हो सके।
वहीं, नीट प्रश्नपत्र लीक मामले पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।




