रिपोर्ट – शाहिद रजा!
सीतामढ़ी पुपरी नगर परिषद में रिश्वतखोरी का पर्दा lफास !
जनकपुर रोड नगर परिषद के जेई विजय शर्मा 1 लाख 45 हज़ार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
निगरानी टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप।
सीतामढ़ी जिला के पुपरी जनकपुर रोड से शुक्रवार की सुबह निगरानी की टीम की दबिश के बाद हड़कंप मच गया जहां नगर परिषद जनकपुर रोड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर (जेई) विजय कुमार शर्मा को 1 लाख 45 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद में चल रहे निर्माण कार्यों के भुगतान के एवज में जेई विजय कुमार शर्मा द्वारा कमीशन की मांग की जा रही थी।
आरोप है कि ठेकेदार राजभूषण के बिल भुगतान के बदले मोटी रकम मांगी गई थी।
मामले को लेकर ठेकेदार की ओर से अधिकृत व्यक्ति मुरली मनोहर ने पटना स्थित निगरानी विभाग से शिकायत की थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पूरे मामले की गुप्त जांच शुरू की।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने जाल बिछाया और शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कार्रवाई करते हुए जेई विजय कुमार शर्मा को उनकी निजी एक्सयूवी गाड़ी में ही रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार जेई के पास से ₹500 के नोटों की तीन गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल राशि ₹1,45,000 थी।
टीम ने मौके पर ही पूरी रकम जब्त कर ली और आरोपी इंजीनियर को हिरासत में लेकर अपने साथ मुजफ्फरपुर रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी को निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से नगर परिषद कर्मियों में दहशत का माहौल है और पूरे इलाके में इस गिरफ्तारी की चर्चा जोरों पर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद में लंबे समय से कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई होने से लोगों में उम्मीद जगी है कि अब भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कस सकता है।



