डीटीओ कार्यालय में शराब का ‘खजाना’, गार्ड रूम से बोतलों की बरामदगी के बाद मचा हड़कंप!

SHARE:

बक्सर से धीरज कुमार की रिपोर्ट

  • बक्सर में शराबबंदी कानून पर फिर उठे सवाल, सरकारी दफ्तर परिसर से मिली भारी मात्रा में शराब
  • गार्ड रूम सील, चार सुरक्षाकर्मी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू, पुलिस जुटी जांच में
  • सरकारी कार्यालय में शराब मिलने से मचा हड़कंप

बक्सर

बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच बक्सर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ ऑफिस) परिसर से भारी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सरकारी कार्यालय परिसर के भीतर बने गार्ड रूम और उससे सटे किचन से शराब की बोतलें मिलने के बाद अब शराबबंदी कानून के पालन और सरकारी दफ्तरों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिला परिवहन कार्यालय परिसर के भीतर बने गार्ड रूम में शराब रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान कार्यालय के निचले हिस्से में स्थित गार्ड रूम की अलमारी, कमरे और उससे सटे किचन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से शराब की कई भरी बोतलें, खाली बोतलें और पैकेट बरामद किए गए। बरामदगी के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे गार्ड रूम को सील कर दिया।

सुरक्षाकर्मियों से लगातार पूछताछ में जुटी पुलिस

इस घटना के सामने आने के बाद पूरे परिवहन कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वहां तैनात surक्षाकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर तैनात चार गार्डों को police ने अपनी अभिरक्षा में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि आखिर सरकारी कार्यालय परिसर तक शराब कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

एसडीपीओ बोले- जब्ती सूची तैयार की जा रही

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडे ने बताया कि जिस स्थान से शराब बरामद हुई है, वह गार्ड रूम और उससे जुड़ी रसोई का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जब्ती सूची तैयार की जा रही है, जिसके बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितनी मात्रा में शराब बरामद हुई है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

डीटीओ ने कहा- गार्ड रूम में कम होता था आना-जाना

वहीं इस पूरे मामले पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने खुद को अनभिज्ञ बताया है। उन्होंने कहा कि गार्ड रूम कार्यालय भवन के निचले हिस्से और कोने में स्थित है, जहां उनका नियमित आना-जाना नहीं होता था। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षाकर्मियों की सुविधा को देखते हुए उनके निजी उपयोग वाले स्थानों में ज्यादा हस्तक्षेप नहीं किया जाता था। हालांकि डीटीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में कोई भी गार्ड दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी दफ्तरों की निगरानी व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

सरकारी कार्यालय परिसर से शराब बरामद होने की यह घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकारी दफ्तर ही शराब तस्करी या भंडारण से सुरक्षित नहीं हैं, तो आम इलाकों में शराबबंदी कानून का पालन किस तरह हो रहा होगा। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के बाद इस मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं।
बाइट- गौरव पांडे डीएसपी बक्सर

Join us on: