सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.440 किलो स्मैक एवं दो चार पहिया वाहन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- सुपौल पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.440 किलोग्राम स्मैक एवं चार पहिया वाहन के साथ चार तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो चारपहिया वाहन समेत 750 एम एल अंग्रेजी शराब, 10 एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, 2600 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुपौल पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार को जदिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ तस्कर रानीगंज की ओर से दो चारपहिया वाहनों में अवैध मादक पदार्थ लेकर जदिया की तरफ आने वाले हैं। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहनों को चिन्हित कर रोका और दंडाधिकारी की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 1.440 किलो स्मैक बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से कुंदन कुमार, सूचित कुमार, संजय यादव और प्रदीप कुमार उर्फ जीतन को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी सुपौल जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहन भी जब्त कर लिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इनके नेटवर्क, आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में गहन जांच जारी है। मामले में जदिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। सुपौल पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Join us on: