नालंदा- युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, खेत से शव बरामद, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डीटीओ ऑफिस के पीछे खेत में एक 20 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूरनगर निवासी चंदू मिस्त्री के पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। राजीव वर्तमान में अपने ननिहाल देवीसराय में रहकर आरा मिल में कारपेंटर का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने इस मौत को हत्या बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई राजा कुमार ने कहा कि राजीव के कान से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के कई निशान थे, जिससे साफ लगता है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई है। परिवार का कहना है कि राजीव कुछ दोस्तों के साथ निकला था, लेकिन देर रात उसकी मौत की खबर आई।

इसी बीच मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब सोनी देवी नाम की एक युवती सामने आई और खुद को राजीव की पत्नी बताया। युवती ने दावा किया कि वर्ष 2021 में दोनों ने राजगीर के एक मंदिर में प्रेम विवाह किया था, लेकिन इसकी जानकारी परिवार वालों को नहीं थी।

सोनी देवी ने कहा कि घटना वाले दिन शाम में दोनों की देवीसराय मोड़ के पास मुलाकात हुई थी और साथ में गोलगप्पे भी खाए थे। युवती ने बताया कि शाम करीब सवा छह बजे राजीव ने फोन कर घबराहट होने की बात कही और मिलने बुलाया। काफी खोजबीन के बाद रात करीब 10 बजे राजीव का एक दोस्त मिला, जिसने बताया कि वह खेत की तरफ गया है।

युवती जब खेत के पास पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। राजीव बेसुध हालत में पड़ा था और उसके कान से खून बह रहा था। उसने आसपास के घरों में मदद के लिए दरवाजे खटखटाए, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इसके बाद वह दौड़कर मुख्य सड़क पर पहुंची और गुजर रही पुलिस टीम को पूरी घटना की जानकारी दी।

वहीं दूसरी तरफ पुलिस की शुरुआती जांच इस मामले को अलग दिशा में ले जा रही है। दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाओं के रैपर बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और हर पहलू पर जांच शुरू कर दी है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई सामने ला सकती है।

बाइट:- सोनी देवी, मृतक का पत्नी
बाइट:- चंदू मिस्त्री, मृतक का पिता

Join us on: