रिपोर्ट – संतोष तिवारी
भाजपा विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान.. विधायक रंजन कुमार लाव लश्कर के साथ पहुचे युवक के दरवाजे..समर्थकों ने की मारपीट.. मारपीट का वीडियो सीसीटीवी में कैद..समर्थकों द्वारा मारपीट का वीडियो वायरल..विधायक ने दो के खिलाफ दर्ज कराया एफआईआर
मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। भाजपा के नगर विधायक रंजन कुमार के खिलाफ कथित भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट लिखना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विधायक अपने दर्जनों समर्थकों के साथ सुबह-सुबह युवक के घर पहुंच गए, जहां बहस के बाद समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला रोड निवासी मुकुंद कुमार और पताही निवासी ठाकुर दिव्य प्रकाश से जुड़ा है, जो कथित तौर पर लंबे समय से विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे। हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवाद और बढ़ गया।
पीड़ित युवक मुकुंद कुमार का आरोप है कि विधायक अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और फिर उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, विधायक रंजन कुमार ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे केवल बातचीत के लिए गए थे, क्योंकि पिछले एक साल से उन्हें निजी तौर पर निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट की जा रही थीं। विधायक के मुताबिक, उनके साथ वहां बदसलूकी की गई, जिसके बाद उन्होंने मिठनपुरा थाने में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।फिलहाल, मामला तूल पकड़ता जा रहा है और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।
बाईट-रंजन कुमार,विधायक भाजपा
बाइट:- पीड़ित युवक मुकुंद कुमार




