रिपोर्ट – पंकज कुमार!
जहानाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, महिला की मौत के बाद बवाल; पुलिस पर हमला, दो जवान घायल।
ट्रक की टक्कर में पत्नी की मौत, पति घायल; जाम हटाने गई पुलिस पर पथराव।
जहानाबाद में बीते दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। बभना के पास हुए इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, चिकिसोहरा शकूराबाद निवासी राहुल कुमार अपनी पत्नी सुनीता कुमारी के साथ पटना से परीक्षा दिलाकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की टक्कर एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनीता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल राहुल कुमार को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से मुआवजे व कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम हटाने के लिए नगर थाना और करोना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में नगर थाना के एडिशनल एसएचओ को सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं करोना थाना के पुलिसकर्मी अविनाश कुमार को भी अंदरूनी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक के साथ-साथ हमले में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।




