रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनीपट्टी रहिका मुख्य पथ पर धकजरी चौक के निकट तेज रफ्तार ऑटो व बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी। वहीं, एक युवक जख्मी हो गया। जिसका इलाज बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के धरहारा गांव के पुष्कर झा का पुत्र प्रत्यूष झा, 19 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी रैयाम थाना के मंजीत झा का पुत्र कनिष्क झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अरेर थाना क्षेत्र के अतरौली गांव में मांगलिक कार्यक्रम (मुंडन) में शामिल होने के लिए मेहमान आये हुए थे। सोमवार को शीतल पेय लाने के लिए दोनों युवक बाइक से बेनीपट्टी आये हुए थे। जहां से ठंडा खरीद कर दोनों युवक बाइक से वापस हो रहे थे। इसी दौरान धकजरी चौक के नजदीक विपरीत दिशा से आ रही ऑटो ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। जिसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। देखते ही देखते हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगो के द्वारा दोनों जख्मियों को तुरंत बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया वही अरेर थाना को इस बात की सूचना दिया गया। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक द्वारा जांच के उपरांत डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अरेर थाना पुलिस अस्पताल पहुँच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना से अतरौली गांव में मातम पसरा हुआ है। घर में जहां मांगलिक गीत होने चाहिए थे, वहां चीख पुकार मची हुई है। पूरे मामले की जांच में अरेर थाना पुलिस जुटी हुई है।




