रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के राघोपुर स्थित न्यू मार्केट में शनिवार की देर शाम असामाजिक तत्वों ने एक सीएसपी संचालक पर धारदार हथियार से हमला कर करीब 50 हजार रुपये लूट कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर पंचायत निवासी सीएसपी संचालक ललित कुमार अपनी दुकान पर ग्राहकों का लेन-देन कर रहा था। इसी दौरान नगर पंचायत सिमराही वार्ड नंबर -16 निवासी गजनी पासवान वहां पहुंचा और खाते से पैसे निकालने की बात कही। व्यस्तता के कारण ललित कुमार ने उसे थोड़ी देर इंतजार करने को कहा।
इसी बात से नाराज होकर गजनी पासवान ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया और तीनों ने मिलकर ललित कुमार पर धारदार हथियार से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। तत्पश्चात आरोपियों ने दुकान की तिजोरी से करीब 50 हजार रुपये निकालकर मौके से फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने हथियार दिखाकर लोगों को डराया।
घटना के बाद पीड़ित ने अस्पताल जाकर अपना इलाज करवाया फिर राघोपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर ली गई है और मामले की तहकीकात की जा रही है।



