सुपौल-ज्वेलरी दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम, एक चोर पकड़ाया, लोगों ने की पिटाई, पुलिस ने बचाकर किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल शहर के महावीर चौक स्थित शनिवार देर रात चोरी की एक वारदात उस समय विफल हो गई, जब स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक चोर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
घटना सुपौल बाजार के महावीर चौक स्थित हीरालाल जीवनलाल ज्वेलरी दुकान से जुड़ी है, जिसे चोरों ने अपना निशाना बनाया था।
उक्त ज्वेलरी दूकान के संचालक आनंद अग्रवाल बताया कि शनिवार देर रात दो चोर दुकान में घुस गए थे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों की भनक आसपास के लोगों को लग गई। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत एकजुट होकर दुकान के चारों ओर घेराबंदी कर दी और चोरों को पकड़ने का प्रयास शुरू किया।
स्थिति बिगड़ती देख चोर दुकान से निकलकर छत के रास्ते भागने लगे। दोनों ने अलग-अलग दिशा में भागने की कोशिश की, जिसमें एक चोर अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं दूसरा चोर आसपास के मकानों की छतों पर इधर-उधर भागता रहा। वह कभी पास के घरों की छत पर चढ़ जाता तो कभी ‘ओम मेडिकल’ की छत की ओर भागता, फिर वापस ज्वेलरी दुकान के पीछे छिपने की कोशिश करता रहा।
करीब एक घंटे तक चोर को पकड़ने की कोशिश जारी रहा, फिर स्थानीय लोगों द्वारा घेराबंदी के बाद काफी मशक्कत कर आखिरकार उसे ज्वेलरी दुकान के ठीक पीछे दबोच लिया गया। पकड़े जाने के बाद लोगों का गुस्सा चोर पर फूट पड़ा और लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।

ज्ञात हो कि महावीर चौक इलाके में पहले भी कई दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में पहले से ही आक्रोश था।
घटना की सूचना मिलते ही सुपौल सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से आरोपी चोर को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उसे सदर थाना ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार चोर की तलाश में जुट गई है और आसपास के इलाके में छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Join us on: