रिपोर्ट – सुमित कुमार!
-मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन से पहले मुंगेर में हाई अलर्ट, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने तैयारियों का लिया जायजा। योग आश्रम, निर्दोष काली मंदिर व सरस्वती विद्या मंदिर का निरीक्षण, 5-6 मई के ऐतिहासिक उत्सव को लेकर दिए अहम निर्देश
-मुंगेर : आगामी 5 मई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ मुंगेर पहुंचे और विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
मुख्य सचिव के साथ पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल तथा पशुपालन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक भी हेलीकॉप्टर से सफियाबाद पहुंचे। यहां प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पीणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव सर्वप्रथम कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित निर्दोष काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने योग आश्रम तथा पुरानीगंज स्थित सरस्वती विद्या मंदिर का दौरा कर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पीणीकर ने बताया कि 5 मई को योग गुरु स्वामी सत्यानंद सरस्वती के मुंगेर पदार्पण दिवस के अवसर पर भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति मुंगेर लाई जा रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। उन्होंने कहा कि 6 मई को पोलो मैदान में आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए उक्त मूर्ति स्थापित की जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना है, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं।जिला प्रशासन इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बाइट: निखिल धनराज निप्पीणीकर, जिलाधिकारी, मुंगेर



