रिपोर्ट – मिथुन कुमार सिंह!
-बिहारशरीफ में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब देर रात लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला बिहार थाना क्षेत्र के छज्जू मोहल्ले का है, जहां देर रात करीब ढाई बजे नकाबपोश डकैतों ने एक घर में घुसकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
करीब आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बना लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़िता हिना ने बताया कि वह दिल्ली से अपने घर छज्जू मोहल्ला आई हुई थी। इसी दौरान छह नकाबपोश डकैत जबरन घर में घुस आए और सबसे पहले उसे कब्जे में लेकर 20 लाख रुपये की मांग करने लगे।
जब महिला ने विरोध किया तो डकैतों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नगद, पहने हुए आभूषण, महंगे बर्तन और अन्य कीमती सामान समेत करीब साढ़े पांच लाख रुपये की संपत्ति लूट ली।
इतना ही नहीं, जाते-जाते अपराधियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि उन्हें उसकी हत्या की सुपारी मिली है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी किसी गलतफहमी में इस घर को निशाना बना बैठे, क्योंकि उन्हें पहले से जानकारी थी कि घर में 20 लाख रुपये रखे हैं।
फिलहाल पीड़िता के बयान पर बिहार थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है, जबकि FSL टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिहारशरीफ में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि लोग अपने ही घरों में सुरक्षित नहीं रह गए?
बाइट:- हेना परवीन, पीड़ित महिला
बाइट:- स्थानीय पड़ोसी



