रिपोर्ट- पंकज कुमार!
जहानाबाद जिला मुख्यालय में गैस के अवैध भंडारण की सूचना पाकर तत्काल छापामारी अभियान चलाया गया इस छापामारी अभियान में कई सिलेंडर जप्त किए गए।
घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग, जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार के साथ संयुक्त कार्रवाई में दो प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं। काको रोड स्थित एस के ट्रेडर्स के मालिक शैलेश कुमार के प्रतिष्ठान से छह घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। एलपीजी के अवैध भंडारण के आरोप में उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं हरिओम मिष्ठान भंडार में अनुदानित घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा गया। यहां से एक सिलेंडर जब्त किया गया है तथा प्रतिष्ठान संचालक ओमप्रकाश के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा चार अन्य सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग एवं अवैध भंडारण की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाना है। इसके व्यवसायिक उपयोग या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।



