3 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के निमित्त डीएम की समीक्षा बैठक!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आगामी 03 मई 2026 (रविवार) को जिले में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अर्हता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के सुचारू, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

परीक्षा 03 मई 2026 को एकल पाली में अपराह्न 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 08 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश का अंतिम समय अपराह्न 01:30 बजे निर्धारित किया गया है, जिसके पश्चात किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06243-222835 है। यह नियंत्रण कक्ष उप विकास आयुक्त, बेगूसराय के वरीय प्रभार में कार्य करेगा तथा परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों की सतत निगरानी करेगा।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु गश्ती दंडाधिकारियों की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास बी०एन०एस०एस० की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू करना सुनिश्चित करें। साथ ही, केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपियर दुकानों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की भीड़-भाड़ अथवा कदाचार की संभावना को पूर्णतः समाप्त किया जा सके।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों एवं प्रेक्षकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एन०टी०ए०) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति शून्य सहिष्णुता बरती जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पर पहुँचें तथा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक में उपविकस आयुक्त श्री आकाश चौधरी, अपरसमाहर्ता श्री बृजकिशोर चौधरी , अपरसमाहर्ता विभागीय जांच श्री महेश्वर प्रसाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join us on: