:- रवि शंकर अमित!
बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में दिनांक 29 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण हेतु 89 पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई।
जिला पदाधिकारी, बेगूसराय के आदेशानुसार बलिया अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा स्थल पर पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में निरीक्षण कर योजनाओं के संचालन एवं प्रगति का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के क्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, ‘हर घर नल का जल’ योजना की संचालन स्थिति, पंचायत सरकार भवनों की भौतिक स्थिति, सोलर लाइट की कार्यशीलता तथा पंचायत स्तर पर संचालित विद्यालयों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त पंचायत सरकार भवनों में कर्मियों की उपस्थिति, आरटीपीएस (RTPS) सेवाओं का संचालन, जन्म एवं मृत्यु पंजी का संधारण तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जांच की गई। साथ ही जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों का भी निरीक्षण किया गया।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निरीक्षण से संबंधित अपना विस्तृत प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर यथाशीघ्र जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया है।
उक्त निरीक्षण राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अंतर्गत योजनाओं के पारदर्शी, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।




