बंगाल चुनाव के पहले फेज में ही भाजपा की बढ़त, प्रचंड बहुमत की बनेगी सरकार – गिरीराज सिंह!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बंगाल चुनाव के दूसरे फेज के प्रचार के आखिरी दिन कहा कि भाजपा पहले फेज से ही जीत रही है और इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

गिरिराज सिंह दावा है कि पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ और भाजपा TMC से काफी आगे निकल गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पहले चरण में ही भाजपा 110 सीटें जीत चुकी है और इस बार बंगाल में डबल सेंचुरी बनाएंगे।

गिरिराज सिंह मार्च में भी ममता बनर्जी पर निशाना साध चुके हैं। तब उन्होंने कहा था कि ममता बनर्जी की लोकप्रियता घट गई है और वह यह चुनाव पहले ही हार चुकी हैं। उनका आरोप था कि 15 साल में ममता सरकार ने गरीबी, बेरोजगारी और शिक्षा घोटालों जैसे मुद्दों पर कोई काम नहीं किया।

दूसरे फेज में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होनी है। 2021 के चुनाव में इन 142 सीटों में से TMC को 123 सीटें और BJP को सिर्फ 18 सीटें मिली थीं, इसलिए इस बार TMC के लिए यह चरण करो या मरो वाला माना जा रहा है। वहीं BJP इसे लिटमस टेस्ट मानकर चल रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी हावड़ा में रोड शो कर कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही गोतस्करों और घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

दूसरी तरफ TMC नेता कुणाल घोष का कहना है कि पहले फेज की 152 सीटों में से पार्टी 125 से 135 सीटें जीतेगी और ममता बनर्जी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी। फिलहाल BJP और TMC दोनों ही अपनी-अपनी जीत के बड़े दावे कर रहे हैं। असली तस्वीर नतीजों के बाद ही साफ होगी।

Join us on: