रिपोर्ट: चंद्रशेखर कुमार
तारा मंदिर रेलवे हॉल्ट के पास हादसा, राजेंद्र नगर-बांका इंटरसिटी की चपेट में आया युवक
बांका शहर के तारा मंदिर रेलवे हॉल्ट के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:00 बजे की बताई जा रही है, जब राजेंद्र नगर-बांका इंटरसिटी ट्रेन वहां से गुजर रही थी।
मृतक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के बाजा गांव निवासी दिलीप झा के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीतीश कुमार रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहा था और उसके कान में एयरफोन लगा हुआ था। इसी दौरान ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं देने के कारण वह पटरी से हट नहीं सका और हादसे का शिकार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि नीतीश कुमार बांका में रहकर टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


