नालंदा-बारात के बीच फायरिंग,एक  व्यक्ति को लगी गोली, ईलाज जारी!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के इसुआ गांव में रविवार की शाम एक शादी समारोह उस वक्त हिंसा की आग में बदल गया, जब बारात के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बारात में गाड़ी साइड करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते पत्थरबाजी और फायरिंग में बदल गई। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान रामउदय साव (47 वर्ष) के रूप में हुई है, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गांव के श्रवण पासवान के पुत्र की बारात निकलने की तैयारी चल रही थी। डीजे बज रहा था और शादी की खुशियां चरम पर थीं। इसी दौरान सड़क पर गाड़ी साइड लेने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई और फिर असामाजिक तत्वों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

घायल के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि उनके पिता का विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। वे घर के बाहर सड़क किनारे बैठे थे, तभी अचानक चली गोली उन्हें जा लगी। यानी वे इस हिंसा के निर्दोष शिकार बन गए।

घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में कैंप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि बारात में गाड़ी साइड करने के मामूली विवाद में रोड़ेबाजी और गोलीबारी हुई है। पुलिस दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: