:- रवि शंकर अमित!
मुख्यमंत्री ने विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना की समीक्षा की, अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
विष्णुपद मंदिर परिसर, फल्गु नदी के तटीय क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों को इस प्रकार से विकसित करें कि मुख्य मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो- मुख्यमंत्री
पटना, 22 अप्रैल, 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज मुख्य सचिवालय स्थित अधिवेशन कक्ष में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक हुयी। बैठक में मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना के तहत गयाजी स्थित विष्णुपद मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों को विकसित करने की योजना की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में कुल 694 स्ट्रक्चर विकसित किये जायेंगे। इनमें कर्मशियल शॉप, वाहन पार्किंग, श्रद्धालुओं एवं पिंडदानियों के लिये शेड, फल्गु नदी घाट का विकास एवं सौंदर्गीकरण, विष्णुपद मंदिर से मानपुर तक नदी घाट का विकास, सीता कुंड क्षेत्र का विकास आदि शामिल है। यह परियोजना करीब 2390 करोड रूपये की है। यहां तीन स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी, जहां कुल 750 चार पहिया वाहन के अलावा 20 बसों की पार्किंग भी की जा सकेगी। विष्णुपद मंदिर और सीता कुंड के मध्य फल्गु नदी में भगवान विष्णु की 108 फीट ऊँची मिस्रधातू की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। प्रतिमा तक पहुंचने के लिये पेडेस्ट्रियन पथ का निर्माण कराया जायेगा, जहां श्रद्धालु आसानी से जा सकेंगे। यहां 24 शेड का निर्माण कराने की योजना है। एक शेड में 20 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
मुख्यमंत्री के समक्ष वॉक थ्रू के जरिये विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना के तहत पूर्ण कराये जाने वाले कार्य के पश्चात् विकसित क्षेत्र एवं निर्मित स्ट्रक्चर के मॉडल को प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि विष्णुपद मंदिर परिसर, फल्गु नदी के तटीय क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों को इस प्रकार से विकसित करें कि मुख्य मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पिंडदान करने वाले लोग तथा श्रद्धालु भी काफी संख्या में यहां पहुंचते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुये विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना का कार्य सुनिश्चित करायें। विष्णुपद मंदिर और सीता कुंड के मध्य निर्मित होने वाले पेडेस्ट्रियन पथ की चौड़ाई कम से कम 20 फीट हो ताकि लोगों को आवागमन में कोई कठिनाई न हो। पर्याप्त वाहनों के पार्किंग की उपलब्धता सुनिश्चित हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। यहां आने वाले श्रद्धालु एवं पिंडदानियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये कार्य सुनिश्चित करायें।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, प्रबंध निदेशक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम श्री नंदकिशोर सहित पर्यटन विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



