रिपोर्ट- पंकज कुमार
जहानाबाद
शहर के मल्हचक देवी मंदिर के समीप स्थित एक किराना व्यवसायी के घर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए नगद राशि और सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की जानकारी घर लौटे परिजनों और आसपास के लोगों को हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार किराना व्यवसायी लाल बाबू का घर मल्हचक देवी मंदिर के पास स्थित है। चोरों ने घर के सभी कमरों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे कीमती सामान को खंगाल डाला। घटना के बाद घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा मिला, जबकि चोर अपने साथ नगद और आभूषण लेकर फरार हो गए। घटनास्थल से एक खंती (खोदने का औजार) भी बरामद हुआ है, जिससे तिजोरी तोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित व्यवसायी की पत्नी शोभा देवी ने बताया कि घर से करीब चार लाख रुपये नकद और सात से आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात गायब हैं। उन्होंने बताया कि चोरों ने पुराने तिजोरी के साथ-साथ गोदरेज और बक्सों को भी तोड़कर उसमें रखे सामान को साफ कर दिया।
बताया जाता है कि घटना के समय घर पूरी तरह खाली था। दरअसल, दो दिन पहले परिवार की बुजुर्ग महिला का पटना में निधन हो गया था। शोक में शामिल होने के लिए व्यवसायी लाल बाबू, उनकी पत्नी और पुत्र घर बंद कर पटना चले गए थे। जब व्यवसायी और उनका बेटा दुकान खोलने के लिए वापस जहानाबाद पहुंचे, तो घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए पाए गए और चोरी की घटना का खुलासा हुआ।
सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमेश प्रसाद ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।




