रिपोर्ट- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी एवं अनियमितता पर नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन द्वारा सतत निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न प्रखंडों में संबंधित पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, राघोपुर द्वारा आनंद इंडेन गैस एजेंसी की जांच की गई, जिसमें उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों का सत्यापन किया गया। वहीं, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बसंतपुर द्वारा वीरपुर एचपी गैस एजेंसी का निरीक्षण करते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सरायगढ़ भपटियाही द्वारा शारदा एचपी गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया, जहां वितरण प्रणाली एवं उपभोक्ता शिकायत निवारण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त, निर्मली स्थित पंसारी पेट्रोल पंप का निरीक्षण सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, निर्मली एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, निर्मली द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण के दौरान माप-तौल, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


