:- रवि शंकर अमित!
समाहरणालय, बेगूसराय
(जिला जन-संपर्क कार्यालय)
बेगूसराय जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मटिहानी, साहेबपुर कमाल एवं बखरी बुनियाद केंद्रों में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दृष्टि दोष निवारण हेतु विशेष नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर के माध्यम से सभी नागरिकों की आंखों की जांच की जाएगी तथा जांच उपरांत आवश्यकता के अनुसार योग्य लाभुकों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रबंधक, सक्षम बेगूसराय ने बताया कि यह विशेष शिविर अगले 1 माह तक संचालित रहेगा। शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित बुनियाद केंद्र प्रतिदिन खुले रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनोपयोगी सुविधा का लाभ उठा सकें।
बुनियाद केंद्र के नोडल पदाधिकारी-सह-सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बेगूसराय ने जिले के आमजन से अपील की है कि वे शीघ्र मटिहानी, साहेबपुर कमाल अथवा बखरी बुनियाद केंद्र पहुंचकर अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण हेतु आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के सभी वर्गों, विशेषकर जरूरतमंद एवं योग्य लाभुकों को दृष्टि संबंधी समस्याओं से राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें और उनकी दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान हो।



