:- रवि शंकर अमित!
मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान पटना जिले को दी 1,056 करोड़ रुपये की सौगात, 1,373 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
पटना, 26 मार्च 2026 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर में अवस्थित ज्ञान भवन में पटना जिलान्तर्गत 1,056 करोड़ रुपये की लागत से 1,373 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 473 करोड़ रुपये की लागत से 761 योजनाओं का उद्घाटन तथा 583 करोड़ रुपये की लागत से 612 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 25,883 जीविका स्वयं सहायता समूहों के 2 लाख 6 हजार 989 दीदियों के लिए बैंक ऋण के तहत 5 अरब 19 करोड़ 26 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना का सांकेतिक चेक, कुशल युवा कार्यक्रम का प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि लाभुकों को प्रदान किया।
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में आपके द्वारा कई अनूठी पहल की गई है तथा अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसका फायदा हम सभी महिलाओं को मिल रहा है। इसके लिए हम सभी आपके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी बिहार के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। आगे भी पूरे लगन एवं मेहनत से काम करते रहिए, सरकार हरसंभव आपकी मदद के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन एम्स गोलम्बर-जानीपुर-पैनापुर-नेवा (बिहटा-सरमेरा-पटना रिंग रोड) पथ का 2-लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीणक्ष के क्रम में मुख्यमंत्री ने एम्स गोलंबर तथा बिहटा सरमेरा पथ के समीप स्थल निरीक्षण कर निर्माणाधीन पथ के प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि एम्स गोलम्बर-जानीपुर-पैनापुर-नेवा पथ का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस सड़क का नेवा में बिहटा सरमेरा पथ से सम्पर्कता हो जाने से फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर, नौबतपुर आदि पश्चिमी पटना से आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। यह पथ एन०एच०-139 फोर लेन एम्स के पास से होकर वभनपुरा, जानीपुर, अकबरपुर, पुनपुन सुरक्षा बांध से होते हुए बिहटा सरमेरा (6-लेन) को जोड़ता है, जिससे फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर, नौबतपुर आदि पश्चिमी पटना के इलाकों का और अधिक विकास होगा। इस क्षेत्र की लगभग चार लाख आबादी लाभान्वित होगी। इस निर्माणाधीन पथ की कुल लंबाई 10.50 किलोमीटर है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस पथ का निर्माण कार्य बेहतर ढंग से निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरा कराएं। यह पथ काफी महत्वपूर्ण है। इस काम के पूरा हो जाने से पटना एम्स की कनेक्टविटी और बेहतर होगी। दक्षिण बिहार से पटना रिंग रोड होकर आने वाले लोगों को एम्स पटना पहुंचने में काफी सुविधा होगी।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन डॉ० भीमराव अम्बेडकर आवासीय +2 विद्यालय, फुलवारीशरीफ, पटना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय के प्रधानाचार्य कार्यालय, पुस्तकालय का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां (10+2) अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों हेतु 720 क्षमता वाले आवासीय सह-शिक्षा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस आवासीय विद्यालय परिसर में प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन, बालक छात्रावास, बालिका छात्रावास, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी भवन, शिक्षक आवास भवन का निर्माण कार्य शामिल है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सह पटना जिला के प्रभारी श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, विधायक श्री श्याम रजक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।




