रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल :- भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना) से संबंधित जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियो का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज दिनांक 17.03.2026 को जिला परिषद सुपौल के सभागार में सावन कुमार, जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल जनगणना अधिकारी, निदेशक एन0 ई0 पी0, निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला योजना पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुपौल, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी,जिला स्तरीय पदाधिकारी जिलांतर्गत सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय (कुल 17 चार्ज), से चार्ज जनगणना अधिकारी ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी ने जनगणना कार्य की समयबद्धता एवं आंकड़ों की सटीकता पर विशेष ध्यान देने हेतु सभी प्रतिभागियों को निदेशित करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी लेने पर बल दिया। उन्होंने सभी चार्ज जनगणना अधिकारी को निदेश दिया कि जनगणना से संबंधित सभी आनलाईन प्रक्रिया की जानकारी लेपटॉप पर स्वयं प्राप्त कर लेंगे। जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि भारत के इतिहास में पहली बार जनगणना डिजिटल मोड में किया जाएगा, इसलिए यह प्रशिक्षण और भी महत्वपूर्ण है। विदित हो कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण का कार्य दिनांक 02.05.2026 से 31.05.2026 तक प्रगणक द्वारा घर घर जाकर एंड्रॉयड मोबाइल के माध्यम से किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षक रमेश कुमार पाठक एवं अनिल कुमार द्वारा दिया जा रहा है । उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 19.03.2026 तक चलेगा।



