रिपोर्ट- सुमित कुमार!
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को तारापुर पहुंचे, जहां पार्वती नगर स्थित हेलीपेड पर जिला प्रशासन एवं एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान डीएम, एसपी, पूर्व विधायक समेत कई जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री अपनी माता एवं पूर्व विधायक पार्वती देवी की जयंती के अवसर पर आयोजित शांति पूजन, हवन और सत्यनारायण भगवान की पूजा में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर मां पार्वती देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूजन के उपरांत सम्राट चौधरी पार्वती देवी की स्थापित आदमकद प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और परिजनों के साथ श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके पिता पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी, बड़े भाई ई. रोहित चौधरी, भाभी अमृता चौधरी, छोटे भाई धर्मेंद्र चौधरी, उनकी पत्नी शांता सिंह, भांजा सौरभ सिंह, आमोद चौधरी सहित अन्य परिजन मौजूद थे।
इस अवसर पर बड़े पुत्र ई. रोहित चौधरी ने बताया कि वर्ष 1976 में इस जमीन को पार्वती देवी ने ही खरीदा था, जिसके कारण इस क्षेत्र को आज पार्वती नगर के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पार्वती देवी अधिक पढ़ी-लिखी नहीं थीं, लेकिन समाज में शिक्षा का विस्तार उनकी सबसे बड़ी सोच थी। उनके प्रयासों से यहां स्कूल और कॉलेज की स्थापना हुई। आगे यहां एक डीम्ड यूनिवर्सिटी और नर्सिंग कॉलेज खोलने की योजना है, ताकि क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मौके पर पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, रविंद्र सिंह कल्लू, डॉ अरुण कुमार पोद्दार वीर कुंवर सिंह, कृष्णानंद चौधरी, रामदेव चौधरी, शकलदेव बिंद सहित कई गणमान्य लोगों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाइट-ई० रोहित चौधरी (बड़े पुत्र स्व पार्वती देवी)




