मधुबनी में 26 फरवरी को भूकंप आपदा पर मॉक ड्रिल का होगा आयोजन!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर मॉकड्रिल के सफल आयोजन को लेकर एडीएम आपदा की अध्यक्षता में सभी स्टेक होल्डर के आयोजित हुई बैठक

26 फरवरी को आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने हेतु होगा व्यापक अभ्यास -एडीएम आपदा

इस व्यापक अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की क्षति को न्यूनतम करना है

ऐंकर- मधुबनी आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के सहयोग से मधुबनी जिला में भूकंप पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश के आलोक में मधुबनी में मॉकड्रिल के सफल आयोजन को लेकर एडीएम आपदा संतोष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सभी स्टेक होल्डर के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई । बैठक में मॉक ड्रिल के दिन जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की भूमिका, आवश्यक संसाधन जुटाना,सभी स्टेक होल्डर के बीच समन्वय स्थापित करना,मॉक अभ्यास हेतु चयनित सिमुलेशन स्थल के नोडल पदाधिकारियों की जवाबदेही,स्टेजिंग एरिया,राहत केंद्र,आपदा मित्र एवं होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति,संसाधन मानचित्र,मॉक अभ्यास के दौरान संचार व्यवस्था,लाइव स्ट्रीमिंग,माइकिंग एवं मॉक अभ्यास का व्यापक प्रचार प्रसार आदि बिंदुओं पर व्यापक समीक्षा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए।अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार ने कहा कि प्राप्त निर्देशों के आलोक में 25 फरवरी 2026 को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 26 फरवरी 2026 को फील्ड लेवल मॉक ड्रिल के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26फरवरी को आयोजित होने वाले व्यापक मॉक अभ्यास हेतु सदर अस्पताल मधुबनी,राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय मधुबनी,सिटी कार्ट एवं आवासीय अपार्टमेंट,समाहरणालय एवं मिथिला चित्र कला संस्थान मधुबनी कुल छह स्थलों का चयन किया गया है। सभी छह चयनित स्थलो के लिए प्रभारी पदाधिकारी,वरीय अधिकारी आदि की प्रतिनियुक्ति की गई है।उन्होंने बताया कि मॉक अभ्यास के दौरान सभी चयनित स्थलों पर विशिष्ट आपदा परिदृश्य का निर्धारण, वहां की जाने वाली गतिविधा एवं कार्ययोजना की तैयारी की जा रही है।इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों, एजेंसियों एवं संसाधनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक सशक्त बनाना है।
26 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 8:00 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक होगा।जिला के चिन्हित स्थलों पर राहत, बचाव, चिकित्सा, अग्निशमन, पुलिस, एस डी आर एफ/ एन डी आर एफ सहित विभिन्न एजेंसियों की सहभागिता से आपदा के दौरान सूचना संप्रेषण, संसाधन जुटान, राहत शिविर संचालन एवं त्वरित निर्णय क्षमता का अभ्यास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह केवल एक पूर्वाभ्यास है, जिसका उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की क्षति को न्यूनतम करना है। आमजन से अनुरोध है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
यह मॉक ड्रिल जिले में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित मधुबनी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उक्त बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह,जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू, डीपीआरओ परिमल कुमार,कमांडेंट होमगार्ड अमित कुमार,सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रजनीश कुमार,कमांडेंट एसडीआरएफ सहित सभी संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।

Join us on: