:- रवि शंकर अमित!
आज दिनांक 16.02.2026 को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दस-दस हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई, जिसमें बेगूसराय जिले की 45 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं। इस योजना के अंतर्गत अब तक राज्य की 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है, जिनमें बेगूसराय की 4 लाख 69 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं श्री विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही बिहार सरकार के मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं श्री श्रवण कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
माननीय मुख्यमंत्री ने योजना की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार आरंभ करने हेतु प्रदान की जा रही है तथा आगे उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम कारगिल विजय सभागार में आयोजित किया गया, जहां जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि एवं जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी अतिथिगण दर्शक दीर्घा में जीविका दीदियों के साथ बैठकर पूरे कार्यक्रम को देखा और सुना।
जिले में जिला मुख्यालय के अतिरिक्त संकुल संघों, ग्राम संगठनों सहित 3100 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें 2 लाख 15 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का समन्वयन जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार द्वारा किया गया।




